रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर को छत्तीसगढ़ में बड़े स्तर पर ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए जाएंगे। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में अभियान की जानकारी दी। प्रदेशभर में करीब 36 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है।
हर बूथ पर कम से कम 100 दीप जलाने की तैयारी
अभियान के तहत प्रदेश के प्रत्येक मतदान केंद्र पर कम से कम 100 दीये जलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। हर बूथ पर परिवारों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की जाएगी।
इस दौरान ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प के साथ सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को जनभागीदारी से जोड़ने पर जोर रहेगा।
17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान
विजय शर्मा के अनुसार यह कार्यक्रम केवल एक दिन का आयोजन नहीं होगा, बल्कि सेवा, समर्पण और जनभागीदारी से जुड़ा व्यापक अभियान होगा। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान में गांव, शहर, बूथ और परिवारों की भागीदारी सुनिश्चित करने की योजना है। इसके साथ ही सेवा गतिविधियों, सामाजिक कार्यों और सरकार की योजनाओं से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
7 अक्टूबर को जिला मुख्यालयों में विशेष आयोजन
अभियान के तहत 7 अक्टूबर को जिला मुख्यालयों के प्रमुख स्थानों पर विशेष मशाल स्थापित की जाएगी। प्रमुख चौक-चौराहों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाने की भी तैयारी है। इन स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
अभियान में युवाओं को जोड़ने के लिए विशेष यात्राएं, सेवा ज्योति यात्राएं, रंगोली प्रतियोगिताएं, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं और अन्य जनभागीदारी कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।
सेवा गतिविधियों में आम लोगों की भागीदारी
‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत नागरिकों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। वहीं ‘सेवा सेतु’ के माध्यम से लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान युवाओं, स्टार्टअप और इनोवेटर्स को जोड़ने के लिए क्षेत्रीय इनोवेशन चैलेंज सहित कई कार्यक्रम भी आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई है।