BREAKING

Sukma Health News: वाहन नहीं मिला तो बीमार महिला को खाट पर अस्पताल ले गए परिजन, कई किलोमीटर तक कंधे पर उठाया

Share:

सुकमा। जिले के अंदरूनी इलाके से स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच को लेकर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। एलंपल्ली गांव में एक बीमार महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए परिजनों को खाट का सहारा लेना पड़ा। वाहन उपलब्ध नहीं होने पर परिवार के लोगों ने मरीज को खाट पर लिटाया और बारी-बारी से कंधे पर उठाकर कई किलोमीटर का सफर तय किया।

जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय माड़वी पाले पिछले करीब तीन दिनों से बुखार से पीड़ित थीं। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन तत्काल वाहन नहीं मिल सका। स्थिति को देखते हुए परिवार ने खाट को ही अस्थायी साधन बनाया और महिला को जगरगुंडा अस्पताल की ओर लेकर निकल पड़े।

परिवार के सदस्य बारी-बारी से खाट को अपने कंधों पर उठाते रहे। बताया गया कि अस्पताल तक पहुंचने के लिए उन्हें कई किलोमीटर का रास्ता इसी तरह तय करना पड़ा। इस दौरान किसी तरह महिला को उपचार के लिए अस्पताल तक पहुंचाया गया।

इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद सुकमा के दूरस्थ और अंदरूनी इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और मरीजों के लिए परिवहन सुविधा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। खासतौर पर आपात स्थिति में समय पर वाहन नहीं मिलने से ग्रामीण परिवारों के सामने आने वाली मुश्किलें इस घटना से सामने आती हैं।

सुकमा जैसे भौगोलिक रूप से चुनौतीपूर्ण जिले के अंदरूनी क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंच पहले से ही बड़ी चुनौती रही है। ऐसे में बीमार मरीज को खाट पर उठाकर अस्पताल ले जाने की तस्वीरें ग्रामीण इलाकों में बेहतर स्वास्थ्य परिवहन व्यवस्था की जरूरत को रेखांकित करती हैं।

Share: