रायपुर न्यूज़: रायपुर के लाभांडी स्थित निजी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित 'सीजी टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026' में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और देशभर से आए टेंट व इवेंट उद्योग के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संबोधन के मुख्य बिंदु:
उद्योग अनुकूल नीतियां और निवेश: मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की नई उद्योग नीति से छत्तीसगढ़ में निवेश को नई गति मिल रही है। राज्य देश के सबसे अनुकूल व्यापारिक राज्यों के रूप में उभर रहा है।
रोजगार और लखपति दीदी अभियान: टेंट एवं इवेंट उद्योग विवाह, सामाजिक और शासकीय आयोजनों का अभिन्न हिस्सा है। यह उद्योग लाखों लोगों को रोजगार देता है। विशेष रूप से स्व-सहायता समूह की महिलाएं और 'लखपति दीदी अभियान' से जुड़ी महिलाएं टेंट व्यवसाय के जरिए आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।
अधोसंरचना विकास पर जोर: छत्तीसगढ़ की भौगोलिक स्थिति व्यापार और लॉजिस्टिक्स के लिए बेहद अनुकूल है। राज्य के 32 रेलवे स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक बनाया जा रहा है तथा कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन परियोजना से व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम को विधायक अमर अग्रवाल ने भी संबोधित किया। इस दौरान टेंट ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विपुल सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत सिंह दुआ, रंजीत कौर दुआ सहित देशभर से आए व्यवसायी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।